खेलताजातरीनराजस्थान

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन

बूंदी.KrishnakantRathore/ @www.rubarunews.com- लौह पुरूष सरदार वल्‍लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर खेल संकुल से रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संकल्प कदमों की रफ्तार के साथ जुड़ा, तो शहर राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा नजर आया। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय ‘रन फॉर यूनिटी’ में युवाओं, खिलाड़ियों और विद्यार्थियों ने हिस्‍सा लिया। आयोजन में प्रशासनिक अधिकारियों ने भी युवाओं के साथ दौड़ लगाई।
कार्यक्रम की शुरुआत में नगर परिषद सभापति भरत शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) रमेश देव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चंपावत, उपखंड अधिकारी लक्ष्मीकांत मीणा और पुलिस उपाधीक्षक अनिल जोशी ने वहां मौजूद सभी नागरिकों व युवाओं को राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ दिलाई।
अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर दौड को किया रवाना
खेल संकुल से रवाना होकर यह एकता दौड़ खोजा गेट, अंबेडकर सर्किल, लंका गेट रोड स्थित पुलिस कंट्रोल रूम, श्रीराम मेडिकल, अहिंसा सर्किल और सर्किट हाउस होते हुए वापस खेल संकुल पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे रास्ते खिलाड़ियों और युवाओं के कदमताल ने शहरवासियों को एकजुटता, सौहार्द और राष्ट्र की अखंडता का संदेश दिया। दौड़ में जिला खेल अधिकारी हर्षवर्धन सिंह, एक्सईएन जेवीवीएनएल राजेंद्र बैरवा, एक्सईएन नगर परिषद धर्मेंद्र मीणा और बूंदी खेलकूद विकास समिति के अध्यक्ष शक्ति तोषनीवाल ने भी प्रतिभागियों के साथ कदम से कदम मिलाए।
इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि आयोजन के माध्‍यम से राष्ट्र निर्माण में सरदार पटेल के अतुलनीय योगदान को याद किया गया। साथ ही युवाओं में राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने और समाज के प्रत्‍येक वर्ग को जाति, धर्म व क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर एक सूत्र में पिरोने का प्रयास किया गया। एकता दौड़ के दौरान युवाओं में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा भी देखने को मिली। बालक वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विशाल वर्मा ने पहला, नीरज ने दूसरा और चेतराम ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, बालिका वर्ग में साक्षी पाल प्रथम, लविशा द्वितीय और तनु मालव तृतीय स्थान पर रहीं। समापन अवसर पर अतिथियों ने सभी विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न भेंट कर उनकी हौसला अफजाई की। कार्यक्रम का संचालन भूपेन्द्र योगी ने किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी सामर, जिला रसद अधिकारी शिवजीराम जाट, जिला युवा अधिकारी अशोक कुमार मेघवाल, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अर्चना तँवर, सांख्यिकी निरीक्षक विकास हाड़ा और जिला हैंडबॉल संघ अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सोलंकी मौजूद रहे। साथ ही एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड, माय भारत के स्वयंसेवक, खेल प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में स्थानीय खिलाड़ियों व युवाओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।