ताजातरीनराजस्थान

राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण की टीम ने किया कालदां व भीमलत बफर जोन का दौरा

बूंदी.KrishnakantRathore/ @www.rubarunews.com-राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण की चार सदस्यीय टीम का बूंदी के जंगलों में दौरा दूसरे दिन भी जारी रहा। टीम ने टाइगर रिजर्व के अधिकारियों के साथ शनिवार को बफर जोन के जंगलों का अवलोकन किया तथा यहां की जैवविविधता का मूल्यांकन किया। टीम में शामिल अधिकारियों व प्राधिकरण के सदस्यों ने दुर्वासा महादेव, कालदां माताजी, दूधिया महादेव, खीण्या, भीमलत महादेव व बाणगंगा क्षेत्र का अवलोकन किया। टीम ने क्षेत्र का दौरा कर बाघों की वस्तुस्थिति एवं किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने टाइगर रिजर्व के अधिकारियों व  फील्ड स्टाफ से बाघों की मॉनिटरिंग व अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। टीम में सेवानिवृत्त पीसीसीएफ आलोक कुमार व एनटीसीए के विशेषज्ञ शामिल थे। इस दौरान उन्होंने टाइगर मॉनिटरिंग, वन्यजीव सुरक्षा और रिजर्व प्रबंधन के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने वन विभाग की चौकियों, सुरक्षा संसाधनों, कोर क्षेत्र से गांवों के विस्थापन्न और एनटीसीए प्रोटोकॉल के तहत कार्यों का भी मूल्यांकन किया। निरीक्षण के आधार पर टाइगर रिजर्व की  रैंकिंग रैंकिंग निर्धारित की जाएगी। इस दौरान टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर सुगनाराम जाट उपवन संरक्षक (कोर) अरुण कुमार डी, उपवन संरक्षक (बफर) आलोकनाथ गुप्ता, सहायक वन संरक्षक हरि सिंह हाड़ा, नवीन नारायणा, सुनील धाभाई, रामगढ़ रेंजर सुमित कन्नौजिया, हिंडोली रेंजर कैलाश शर्मा व भोपतपुरा रेंजर जनक सिंह भी साथ थे।
रविवार से करेंगे मुकुंदरा हिल्स के जंगलों का दौरा
एनटीसीए की टीम रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व के दो दिवसीय दौरे के बाद रविवार से मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व के जंगलों का दौरा कर मूल्यांकन करेगी। मूल्यांकन के आधार पर हाड़ौती के दोनों टाइगर को रैंकिंग दी जाएगी।