ताजातरीनराजस्थान

137 एनसीसी कैडेट्स ने एकता और अखंडता की शपथ लेकर मनाया राष्ट्रीय एकता दिवस

बूंदी.KrishnakantRathore/ @www.rubarunews.com-राजकीय कला कन्या महाविद्यालय, कोटा में शनिवार को एनसीसी आर्मी विंग के तत्वावधान में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की 137 एनसीसी कैडेट्स ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, सद्भाव और स्वच्छता का संदेश दिया।
महाविद्यालय की एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. पारुल सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ स्वच्छता अभियान के तहत श्रमदान एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश देती जागरूकता रैली से हुआ। इसके बाद महाविद्यालय परिसर में रंगोली निर्माण, पोस्टर निर्माण एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों में कैडेट्स ने अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सीमा चौहान ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की स्मृति में वर्ष 2014 से मनाया जा रहा राष्ट्रीय एकता दिवस युवाओं के लिए विशेष महत्व रखता है। सरदार पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज में एकता, सद्भाव और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देना हम सभी का दायित्व है।
महाविद्यालय के निरीक्षण के लिए आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा, जयपुर से आए डॉ. पंकज गुप्ता ने एनसीसी की विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण किया तथा कैडेट्स को एकता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति प्रेरित किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी 137 एनसीसी कैडेट्स ने देश में शांति, सद्भाव, एकता एवं अखंडता बनाए रखने की शपथ लेते हुए राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया।