खेलताजातरीनराजस्थान

खो-खो प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, खेल भावना और प्रतिभा का हुआ शानदार प्रदर्शन

बूंदी.KrishnakantRathore/ @www.rubarunews.com- खेल मैदान पर जब खिलाड़ियों ने फुर्ती, कौशल, गति और सामूहिक तालमेल का परिचय दिया तो पूरा वातावरण खेल उत्साह से सराबोर हो उठा। अवसर था बूंदी जिला खो-खो संघ की ओर से श्री ईश्वरी सिंह जिला खेलकूद केंद्र, खेल संकुल बूंदी में आयोजित जिला स्तरीय ओपन जूनियर बालक एवं बालिका खो-खो प्रतियोगिता एवं चयन प्रक्रिया का। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में जिला खेल अधिकारी हर्षवर्धन सिंह चुंडावत ने अध्यक्षता की। मुख्य अतिथि के रूप में जिला खो खो संघ अध्यक्ष विजयंत आमेरा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में अरविंद गोस्वामी, मनमोहन अजमेरा एवं सुरेंद्र सिंह सोलंकी ने शिरकत की। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का विकास ही नहीं करते, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक भावना को भी मजबूत बनाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास कर जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी चुस्ती, रणनीतिक कौशल और उत्कृष्ट खेल तकनीक का परिचय दिया। प्रतियोगिता के माध्यम से बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन जिला टीम के लिए किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी 10 से 12 नवंबर तक चित्तौड़गढ़ स्थित सांवरिया सेठ में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बूंदी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन राजस्थान खो-खो संघ के संयुक्त सचिव विजय भान सिंह ने किया। निर्णायक मंडल में खो-खो प्रशिक्षक सियाराम गोचर, शुभम जोशी, दीपक वर्मा, नरेश फोलाई एवं वैशाली ने अपनी भूमिका निभाई।
जिला खो-खो संघ की सचिव रीमा सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने कहा कि जिले की प्रतिभाओं को बेहतर मंच प्रदान करना तथा उन्हें राज्य स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर उपलब्ध कराना संघ का प्रमुख उद्देश्य है।