आंगनबाड़ी केंद्र पर बाल विवाह रोकथाम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, महिलाओं को बताए कानूनी प्रावधान
बूंदी.KrishnakantRathore/ @www.rubarunews.com- महिला अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की ओर से मंगलवार को वार्ड नंबर 22 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर बाल विवाह रोकथाम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सहायक निदेशक मेरींगटन सोनी के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक परामर्शदाता सलोनी शर्मा एवं विधिक परामर्शदाता प्राची शर्मा ने महिलाओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों एवं बालिकाओं के अधिकारों की जानकारी दी।
सामाजिक परामर्शदाता सलोनी शर्मा ने बताया कि बाल विवाह से बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं शारीरिक-मानसिक विकास प्रभावित होता है। उन्होंने महिलाओं से बालिकाओं की शिक्षा जारी रखने तथा उन्हें समान अवसर प्रदान करने का आह्वान किया।
विधिक परामर्शदाता प्राची शर्मा ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि बाल विवाह एक कानूनी अपराध है। इसकी सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारियों को अवगत कराकर इसे रोकने में सहयोग करना चाहिए।
उन्होंने महिलाओं से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के विरुद्ध जागरूकता फैलाने और बालिकाओं के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सहायिका शमा बानो सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।
