जलवायु परिवर्तन पर राज्य स्तरीय कार्यशाला में बूंदी के दो युवाओं का हुआ चयन, बढ़ाया जिले का मान
बूंदी.KrishnakantRathore/ @www.rubarunews.com-संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) राजस्थान टीम एवं मेरा युवा भारत (माय भारत) राजस्थान के संयुक्त तत्वावधान में जयपुर में ‘जलवायु परिवर्तन का महिलाओं और बच्चों पर पड़ने वाले प्रभाव’ विषय पर राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें पूरे राजस्थान से चयनित 30 युवाओं में बूंदी जिले के गोविंद प्रजापत और हरीश गुर्जर ने स्थान बनाकर जिले का गौरव बढ़ाया।
कार्यशाला में विशेषज्ञों ने बताया कि बढ़ते तापमान, जल संकट और प्रदूषण का महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, जीवन और भविष्य पर विशेष प्रभाव पड़ रहा है। इस दौरान युवाओं को जलवायु न्याय, सतत विकास तथा स्थानीय स्तर पर पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता के प्रभावी तरीकों की जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला में चयनित गोविंद प्रजापत और हरीश गुर्जर अब बूंदी जिले में ‘जलवायु प्रहरी’ के रूप में कार्य करेंगे। वे गांव-गांव पहुंचकर महिलाओं और बच्चों को जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों, पर्यावरण संरक्षण तथा इससे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करेंगे।
इस चयन प्रक्रिया में मेरा युवा भारत (माय भारत) बूंदी टीम की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने युवाओं को इस मंच तक पहुंचाने, आवेदन प्रक्रिया में सहयोग करने और आवश्यक समन्वय का कार्य किया। बूंदी के दोनों युवाओं के चयन से जिले में युवा सहभागिता के माध्यम से जलवायु जागरूकता अभियान को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
