क्राइमताजातरीनराजस्थान

ट्रेन में गांजे की तस्करी का पर्दाफाश, 11.940 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त; एक आरोपी गिरफ्तार

कोटा.KrishnakantRathore/ @www.rubarunews.com- नशा मुक्त भारत अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) राजस्थान इकाई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिलासपुर-बीकानेर एक्सप्रेस ट्रेन से 11.940 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजा छह पैकेटों में दो बैग के अंदर रखा हुआ था।

सीबीएन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ब्यूरो को विशिष्ट गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बिलासपुर से कोटा तक ट्रेन संख्या 20845 के माध्यम से अवैध रूप से गांजे का परिवहन कर रहा है। सूचना के आधार पर केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की भवानीमंडी इकाई के अधिकारियों की टीम गठित की गई। टीम ने 30 अक्टूबर को कोटा रेलवे जंक्शन पर निगरानी एवं कार्रवाई की योजना बनाई। वहीं, दो अधिकारी भवानीमंडी रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार होकर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान और निगरानी में जुट गए।

कोटा जंक्शन के पास घेराबंदी कर पकड़ा
ट्रेन के कोटा जंक्शन के निकट बाहरी संकेतक पर रुकने के दौरान संदिग्ध व्यक्ति नीचे उतरकर रेलवे पटरियों के रास्ते बाहर निकलने का प्रयास करने लगा। इस पर ट्रेन में तैनात अधिकारियों और रेलवे परिसर के बाहर मौजूद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेलवे फाटक संख्या 108 के पास उसे पकड़ लिया।
रेलवे कर्मचारियों एवं स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के दोनों बैगों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान छह पैकेटों में रखा कुल 11.940 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद गांजे को जब्त कर आरोपी को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस), 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

तस्करी नेटवर्क पर कार्रवाई जारी

केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो के अनुसार, यह कार्रवाई अधिकारियों की सतर्कता, सक्रियता और समन्वित प्रयासों का परिणाम है। नशा मुक्त भारत अभियान की शून्य सहनशीलता नीति के तहत ब्यूरो का उद्देश्य मादक पदार्थों की जब्ती के साथ-साथ अवैध तस्करी नेटवर्क और नशे के कारोबार में संलिप्त गिरोहों पर प्रभावी कार्रवाई करना है।
सीबीएन ने आमजन से मादक पदार्थों की तस्करी एवं संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की सूचना नियंत्रण कक्ष पर 0744-2438928, व्हाट्सऐप: 8764748232 तथा ई-मेल: dnc-kota@cbn.nic.in दी जा सकती हैं। ब्यूरो ने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।