प्लास्टिक को ना, पर्यावरण को हां… खानखेड़ा में गूंजा स्वच्छता का संदेश
बून्दी.KrishnakantRathore/ @www.rubarunews.com- राउप्रावि खानखेड़ा में गुरुवार को इको क्लब खानखेड़ा के तत्वावधान में “प्लास्टिक मुक्त विद्यालय अभियान” के तहत विद्यार्थियों, स्टाफ एवं ग्रामीणों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई। इसमें विद्यार्थियों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा विद्यालय परिसर को प्लास्टिक मुक्त रखने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने प्लास्टिक का उपयोग कम करने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की शपथ ली।
इसके बाद विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों ने परिसर में बिखरे प्लास्टिक कचरे को एकत्र कर उसके उचित निस्तारण की व्यवस्था की। इसके साथ ही विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को प्लास्टिक की बजाय कपड़े एवं कागज के थैलों का उपयोग करने के लिए प्रेरित करने हेतु जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से स्वच्छ पर्यावरण एवं प्लास्टिक मुक्त समाज का संदेश दिया गया।
इसी अवसर पर विद्यार्थियों के लिए निबंध एवं स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का विषय “प्लास्टिक मुक्त विद्यालय एवं स्वच्छ पर्यावरण” रखा गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान तथा उसके विकल्पों पर अपने विचार व्यक्त किए। रैली मे दिनेश कुमार शर्मा एवं हनुमान सैनी ने भी प्लास्टिक के दुष्प्रभावों एवं उसके विकल्पों के संबंध में ग्रामीणों के समक्ष विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के अंत में संस्था प्रधान महावीर सोनी ने विद्यार्थियों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति निरंतर जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करना और स्वच्छ वातावरण बनाए रखना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है
