ताजातरीनराजस्थान

रामगढ़ में रमने लगा रिवाईल्ड युवा बाघ RVT-7, जंगल की उम्मीद बने इस नर बाघ का खुले जंगल में व्यवहार उत्साहजनक

बूंदी.KrishnakantRathore/ @www.rubarunews.com-रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व में वैज्ञानिक पुनर्वास (Rewilding) कार्यक्रम के अंतर्गत प्राकृतिक आवास में 18 दिन पहले मुक्त किए गए नर बाघ RVT-7 का अब तक का व्यवहार उत्साहजनक एवं सकारात्मक रहा है।
गौरतलब है कि है कि 24 जून 2026 को RVT-7 को 5 हेक्टेयर के एनक्लोजर से डेढ़ साल के बाद खुले जंगल में रिलीज किया था। आजाद होने के साथ ही वह प्राकृतिक आवास में स्वतंत्र रूप से विचरण कर रहा है तथा उपलब्ध संकेतों से यह प्रतीत होता है कि वह अपनी टेरिटरी स्थापित करने का प्रयास कर रहा है। इस अवधि के दौरान RVT-7 ने पूर्णतः स्वाभाविक वन्य व्यवहार प्रदर्शित किया है। वह नियमित रूप से वृक्षों पर स्क्रैच मार्क बना रहा है, सेंट स्प्रे के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है तथा टेरीटोरियल मार्किंग कर रहा है। इसके अतिरिक्त उसने प्राकृतिक परिस्थितियों में सफलतापूर्वक शिकार भी किए हैं, जो उसके विकसित शिकार कौशल एवं स्वतंत्र जीवनयापन की क्षमता को दर्शाते हैं। प्राकृतिक विचरण के दौरान RVT-7 का रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व में ही पैदा हुई व पली बढ़ी बाघिन बहिनों RVT-05 एवं RVT-06 के साथ भी संपर्क दर्ज किया गया है। यह भी देखा गया है कि बाघ का सामना बाघिन आरवीटी-3 के युवा होते नर शावक से भी हुआ है लेकिन यह सब सामान्य रहा। यह उसके प्राकृतिक परिवेश में सामान्य व्यवहार का एक महत्वपूर्ण संकेत है।
सतर्क है वन विभाग, 24 घण्टे आरवीटी-1 व आरवीटी-7 पर निगाहें
वन विभाग द्वारा फील्ड डायरेक्टर सुगनाराम जाट व उपवन संरक्षक अरुण कुमार डी के निर्देशन में RVT-07 की गतिविधियों की 24×7 निगरानी की जा रही है। GPS-VHF रेडियो कॉलर, रेडियो टेलीमेट्री, कैमरा ट्रैप तथा फील्ड मॉनिटरिंग के माध्यम से उसकी प्रत्येक गतिविधि एवं व्यवहार का निरंतर अध्ययन एवं डॉक्यूमेंटेशन किया जा रहा है। बाघ आरवीटी-1 के साथ इस टेरिटरी के लिए संभावित संघर्ष को टालने के लिए भी उसके मूवमेंट पर निरन्तर निगाह रखी जा रही है।